मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में सड़क, रेल, मेट्रो और हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि ‘स्पीड, स्केल और कनेक्टिविटी’ के मंत्र ने प्रदेश की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट के जरिए विकास कार्यों की जानकारी साझा की और पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल पर भी निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, रेल और हवाई संपर्क केवल दूरियां कम करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये समय की बचत, बेहतर सुविधाओं और आर्थिक समृद्धि के नए अवसर भी पैदा करते हैं। उनके मुताबिक, वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में इन क्षेत्रों की स्थिति काफी खराब थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने इसमें बदलाव किया है। सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में महज डेढ़ एक्सप्रेस-वे थे, जबकि अब 10 एक्सप्रेस-वे संचालित हैं। उन्होंने हवाई कनेक्टिविटी का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले हवाई सेवाएं कुछ चुनिंदा शहरों तक सीमित थीं, लेकिन अब प्रदेश में 12 घरेलू और पांच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों के माध्यम से संपर्क का विस्तार हुआ है। मुख्यमंत्री के अनुसार, पहले प्रदेश के किसी भी शहर में मेट्रो सेवा नहीं थी, जबकि अब सात शहरों में मेट्रो लोगों को आवागमन की सुविधा दे रही है। उन्होंने इन बदलावों को प्रदेश के विकास और बेहतर परिवहन व्यवस्था से जोड़कर पेश किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से किसानों की उपज को बड़े बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिल रही है। साथ ही, उद्यमियों को नए अवसर मिल रहे हैं और युवाओं के लिए शिक्षा एवं रोजगार तक पहुंच आसान हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि बेहतर परिवहन व्यवस्था से कामकाजी लोगों का समय बचता है और पर्यटन को बढ़ावा मिलता है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार तथा आजीविका के नए अवसर पैदा होते हैं। सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में सड़क, रेल, मेट्रो और हवाई संपर्क का विस्तार गांवों, कस्बों और शहरों तक विकास के अवसर पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहा है। उनके मुताबिक, हर क्षेत्र में अवसर बढ़ाना, उद्यमों को मजबूती देना और आम लोगों के जीवन में खुशहाली लाना सरकार के विकास दृष्टिकोण का हिस्सा है। मुख्यमंत्री ने इन बदलावों को ‘नए भारत’ के ‘नए उत्तर प्रदेश’ की पहचान बताते हुए कहा कि कनेक्टिविटी का विस्तार प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों और विकास की संभावनाओं को नई गति दे रहा है।







