उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव में सपा की जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। लखनऊ समेत कई जिलों में पोस्टर और होर्डिंग लगाकर जीत का जश्न मनाया जा रहा है। इन पोस्टरों पर लिखा है, “अयोध्या जीते अवधेश पासी, आशुतोष, लाल बिहारी जीते काशी।” इसके साथ ही “पीडीए का संदेश, 2027 में आ रहे अखिलेश” का नारा भी दिया गया है।
अमेठी के नेता जयसिंह प्रताप यादव ने सपा मुख्यालय पर यह होर्डिंग लगवाया है। वाराणसी की दोनों एमएलसी सीटों पर सपा प्रत्याशियों की जीत के बाद पार्टी समर्थकों में खुशी का माहौल है। कार्यकर्ता इन नतीजों को पार्टी के लिए अहम उपलब्धि के रूप में पेश कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की खंड शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की कुल 11 सीटों में से भाजपा ने छह, जबकि समाजवादी पार्टी ने पांच सीटों पर जीत दर्ज की है। वाराणसी खंड स्नातक सीट पर 50 घंटे से अधिक समय तक चली मतगणना के बाद सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा विजयी रहे। वहीं, वाराणसी खंड शिक्षक सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव ने जीत हासिल की।
वाराणसी खंड स्नातक सीट से भाजपा प्रत्याशी केदारनाथ सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर उनका समर्थन करने वाले मतदाताओं का आभार जताया। उनके इस संदेश को चुनाव में हार स्वीकार करने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
इन नतीजों के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने पोस्टरों के जरिए 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपना उत्साह जाहिर किया है। हालांकि, विधान परिषद चुनाव के परिणामों से विधानसभा चुनाव का नतीजा तय नहीं होता, लेकिन इन जीतों के बाद प्रदेश की राजनीति में पोस्टर वार और बयानबाजी तेज हो गई है।





